महाराष्ट्र में शनिवार तक कोरोना वायरस संक्रमण के लगभग 1,576 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमित लोगों की संख्या 29,100 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 49 और रोगियों की मौत के साथ ही मृतकों की संख्या 1,068 हो गई है। 49 में 36 लोगों की मौत मुंबई में हुई। इसके अलावा संक्रमण के 1,576 नए मामलों में से 933 मामले मुंबई से सामने आए हैं। बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, मुंबई में कोरोना के कुल मामले 17 हजार 512 हो गए हैं। राज्य में अब तक 2 लाख 50 हजार 436 लोगों की जांच की जा चुकी है।
राज्य में रिकवरी रेट 22 प्रतिशत
महाराष्ट्र में कोरोना से रिकवरी रेट 22 प्रतिशत पहुंच चुका है, जबकि मुंबई में यह 25 फीसद है। मुंबई में हर चौथा कोरोना मरीज ठीक हो रहा है। महाराष्ट्र में पिछले सात दिनों में 2,758 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं, जबकि मुंबई में सात दिनों में 1,799 मरीज ठीक हुए हैं। महाराष्ट्र में 14 मई तक 27,524 केस सामने आए। इलाज के बाद इनमें से 6,059 मरीज ठीक होकर घर गए। मुंबई से सटे उपनगरों में मीरा-भाईंदर का रिकवरी रेट सबसे बेहतर 60 फीसद है। उल्हासनगर में 81 में से सिर्फ 11 मरीज ठीक हुए हैं।
देश का पहला ओपन हॉस्पिटल बनकर तैयार हुआ
मुंबई के पश्चिमी उपनगर बांद्रा इलाके के बीकेसी में एमएमआरडीए मैदान में देश का पहला ओपन हॉस्पिटल लगभग बनकर तैयार है। 1008 बेड वाले इस ओपन हॉस्पिटल में मरीजों के रहने, ऑक्सीजन और मेडिकल की जांच की सुविधाएं दी गई हैं। शनिवार को ये अस्पताल शुरू हो सकता है। इस हॉस्पिटल में नॉन क्रिटिकल कोरोना मरीजों को भर्ती किया जाएगा।
कोरोना के लिए तैयार किया जा रहा वानखेड़े स्टेडियम
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन वानखेड़े स्टेडियम को क्वारैंटाइन सेंटर के रूप में तब्दील करने की योजना पर काम शुरू किया है। बीएमसी की ओर से इस संबंध में एक पत्र मिलने के बाद एमसीए के अधिकारी अब स्टेडियम को क्वारैंटाइन सेंटर बनाने की स्वीकृति देने की तैयारी कर रहे हैं। बीएमसी उपायुक्त हर्षद काले ने बताया कि स्टेडियम में 800 बेड्स का क्वारैंटाइन सेंटर बनाया जाएगा। यहां ऑक्सिजन और अन्य मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है। बीएमसी इससे पहले वर्ली स्थित नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया को भी क्वारैंटाइन सेंटर बना चुकी है।
मास्क लगाने को कहने पर पुलिसवालों पर हुआ हमला
जोन 4 के अंटॉप हिल पुलिस थाने के तहत मास्क लगाने को कहने पर स्थानीय लोगों ने 4 पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला कर दिया। इनमें एक पीएसआई और एसआरपीएफ के दो जवान भी हैं। सभी को स्थानीय गैलेक्सी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में 17 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उनमें से दो आरोपियों वसीम अहमद (22) और मो. अफजल खान (32) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अस्पतालों के लिए दो समन्वय समितियां
सरकारी और निजी अस्पतालों के बीच बेहतर समन्वय के लिए राज्य और जिला स्तर पर दो समितियों का गठन किया है। इंडियन मेडिकल असोसिएशन (आईएमए) के प्रतिनिधियों की महाराष्ट्र के मुख्य सचिव अजय मेहता के साथ हुई एक बैठक में यह फैसला लिया गया। समितियां महामारी को नियंत्रित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों और चिकित्सा दिशा-निर्देश संबंधी सभी जानकारियों को उपलब्ध कराए जाने संबंधी सरकार के सभी फैसलों को क्रियान्वित करने का काम करेंगी।
250 बसों को बनाया जाएगा एम्बुलेंस
कोरोना मरीजों को हॉस्पिटल और हाई रिस्क कॉन्टैक्ट वालों को क्वारैंटाइन सेंटर ले जाने के लिए एम्बुलेंस की कमी दूर करने के लिए बीएमसी ने 250 बसों को एम्बुलेंस बनाने का फैसला किया है। इनमें 50 बेस्ट बसें और 200 मिनी बसें शामिल हैं। अडिशनल कमिश्नर पी. वेलारासू ने बताया कि इनमें से आधी एम्बुलेंस बनकर तैयार हैं। बाकी शनिवार तक तैयार हो जाएंगी। इन एम्बुलेंसों को डिजास्टर कंट्रोल रूम से कंट्रोल किया जाएगा और वहीं से इनकी मंजूरी दी जाएगी।
कोरोना संक्रमण से एक और पुलिसकर्मी की मौत
देर शाम एक 57 वर्षीय मुंबई पुलिस के अधिकारी की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। मुंबई पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिए ये जानकारी दी है। ट्वीट के अनुसार कोरोना के हाई रिस्क एज ग्रुप में शामिल मधुकर माने पिछले 15 दिनों से छुट्टी पर थे। मुंबई पुलिस ने उनके निधन की जानकारी देते हुए दुःख जाहिर किया है। बता दें कि अब तक महाराष्ट्र पुलिस के 10 कर्मचारियों की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है।
1 लाख 36 हजार लोगों को बॉर्डर तक पहुंचाया गया
महाराष्ट्र में परिवहन अधिकारियों के अनुसार लगभग 1 लाख 36 हजार प्रवासियों को अलग-अलग राज्य की सीमाओं तक पहुंचा दिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कुल प्रवासियों में से लगभग 70 प्रतिशत को मध्य प्रदेश की सीमा पर उतार दिया गया है।
नर्सों को धमकाने के मामले में तीन गिरफ्तार
महाराष्ट्र के औरंगाबाद में कोविड-19 अस्पताल में कार्यरत एक नर्स को कथित तौर पर मोहल्ले के एक खास रास्ते को इस्तेमाल नहीं करने की धमकी देने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एमआईडीसी सिडको पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि घटना सोमवार मध्यरात्रि की है। उन्होंने कहा कि एक कोविड-19 अस्पताल में काम करने वाली नर्स को कर्भरी हिवाले, सुरेश काले और योगेश कवडे ने आने-जाने के लिए एक खास सड़क का इस्तेमाल नहीं करने को कहा। आरोपियों के खिलाफ यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी देने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
from Dainik Bhaskar /national/news/maharashtra-coronavirus-live-updates-cases-latest-news-may-16-mumbai-pune-thane-aurangabad-latur-nanded-solapur-nashik-lockdown-127307443.html
No comments:
Post a Comment